व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह के तहत युवाओं को मिला करियर का सही मार्गदर्शन: डॉ. ऋतु चहल

admin  6 hours, 55 minutes ago Top Stories

-अनेक शिक्षण संस्थानों में रोजगार विभाग ने किए सेमिनार आयोजित

BOL PANIPAT : 10 फरवरी। जिला रोजगार विभाग द्वारा हरियाणा रोजग़ार विभाग के मार्ग दर्शन में व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह का आयोजन बहुत ही सराहनीय तरीके से किया गया। इस अभियान के अंतर्गत युवाओं को कैरियर संबंधी मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों में करियर वार्ताओं, सेमिनारों एवं प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया।

  जिला रोजगार अधिकारी डॉ. ऋतु चहल ने बताया कि प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए करियर लक्ष्य निर्धारित करना अत्यंत आवश्यक है। सही कैरियर के चयन हेतु अभ्यर्थियों को अपनी रुचियों, क्षमताओं एवं उपलब्ध अवसरों का गहन मूल्यांकन करना चाहिए। उन्होंने कैरियर को लेकर स्पष्ट दृष्टिकोण विकसित करने हेतु कई उपयोगी सुझाव भी अभ्यर्थियों के साथ साझा किए।

इसके अतिरिक्त डॉ. ऋतु चहल द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, करहंस तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, इसराना में भी करियर वार्ताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को कैरियर लक्ष्य तय करने, उन्हें प्राप्त करने के लिए कार्य योजना बनाने तथा बेहतर अंक अर्जित करने हेतु अध्ययन की आदतों में सुधार के विषय में मार्गदर्शन दिया गया। विद्यार्थियों को उनके भविष्य के प्रति जागरूक करते हुए सही दिशा में आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया गया।

    इसी क्रम में कुमारी विनीता, सहायक रोजगार अधिकारी द्वारा जिला रोजगार कार्यालय, में व्यावसायिक मार्गदर्शन से संबंधित सेमिनार/वर्कशॉप का आयोजन किया गया। उन्होंने अध्ययन की आदतों में सुधार पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमितता, अनुशासन एवं एकाग्रता अध्ययन में सफलता के मुख्य आधार हैं। साथ ही समय प्रबंधन एवं विभिन्न अध्ययन तकनीकों के माध्यम से पढ़ाई को प्रभावी व रोचक बनाने के उपाय भी बताए। व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह के अंतर्गत जिला रोजगार कार्यालय में एक प्लेसमेंट ड्राइव का भी आयोजन किया गया, जिसमें एल.आई.सी., द्वारा बेरोजगार अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए गए।

इसके अलावा कुमारी विनीता द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नांगल खेड़ी तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिठाना में भी करियर वार्ताओं का आयोजन किया गया। जिसमें उन्होंने युवाओं का मार्गदर्शन किया और सही रणनीति के साथ की गई तैयारी विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाती है और उन्हें सफलता की ओर अग्रसर करती है पर जोर दिया गया।

img
img